{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जन्मदिन पर अयोध्या पहुंचे अजय राय, बोले- पद का लालच नहीं; कांग्रेस की सेवा करता रहूंगा
 

 

अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय राय बुधवार को अपने जन्मदिन के मौके पर रामनगरी अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। अजय राय ने कहा कि जन्मदिन पर भगवान राम के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि वह किसी पद के लालची नहीं हैं। उनका उद्देश्य जनता की सेवा करना और कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, “लोगों की सेवा करना और भगवान के प्रति निष्ठा व आस्था हमारे खून में है। हम कांग्रेस की सेवा पहले भी करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।”

अजय राय ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी और जितना समय दिया, उसमें उन्होंने पूरी ताकत और मेहनत से काम किया। प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का निर्णय है और वह पार्टी नेतृत्व के हर फैसले का सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा, “हम काशीवासी हैं। बाबा विश्वनाथ की नगरी से चलकर अयोध्या आए हैं। हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन किए हैं और अब फिर काशी लौटेंगे। हम काम और मेहनत करने वाले लोग हैं। कर्म करना हमारे हाथ में है और फल देना ईश्वर के हाथ में है।”

अजय राय ने कहा कि उनका लक्ष्य लोगों के बीच बने रहकर जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में व्यक्तिगत हित से ज्यादा देश और राष्ट्र की बात महत्वपूर्ण है। कांग्रेस को मजबूत करना और संगठन के लिए लगातार काम करते रहना उनकी प्राथमिकता है।

2027 में सरकार बनाने का दावा

साल 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अजय राय ने दावा किया कि कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और प्रदेश में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

वहीं, आगामी चुनाव में गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। कार्यकर्ताओं का काम संगठन को मजबूत करना है और वे लगातार इसी दिशा में काम कर रहे हैं।

अजय राय ने भगवान राम से प्रार्थना करते हुए कहा कि उन पर प्रभु की कृपा बनी रहे, वह जनता की सेवा करते रहें, कांग्रेस पार्टी को मजबूत करें और समाज में प्यार व भाईचारे का संदेश फैलाते रहें।