जातिगत जनगणना पर अखिलेश का भाजपा पर वार, बोले– आबादी के हिसाब से मिले हर वर्ग को हक
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जातिगत जनगणना की मांग उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। लखनऊ एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना से सामाजिक न्याय का रास्ता खुलेगा और आबादी के अनुपात में सभी वर्गों को उनका हक दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता खोने के डर से इस मुद्दे से पीछे हट रही है।
आरक्षण और भर्ती परीक्षाओं पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ छीनने और स्कूल बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इससे युवाओं के रोजगार के मौके प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा कि एक योगी से सच बोलने और दूसरों की पीड़ा समझने की अपेक्षा की जाती है।
जनगणना के दूसरे चरण में दर्ज होगी जाति
केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, जनगणना 2027 के दूसरे चरण में आबादी की गणना के साथ जाति की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
कांग्रेस से सीट बंटवारे पर अभी बातचीत नहीं
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि इस मुद्दे पर अभी बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और सहयोगी दल एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सीटों पर तालमेल बैठाएंगे। गठबंधन की कोशिश होगी कि मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाए।