{"vars":{"id": "130921:5012"}}

महंगाई और बंगाल चुनाव पर अखिलेश यादव का हमला, बोले— ‘बीजेपी झूठ की सोनपापड़ी बनाती है’

 

Lucknow : अखिलेश यादव ने महंगाई समेत कई मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी जनता को गुमराह कर रही है और चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ने वाली है।

महंगाई को लेकर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि हमने पहले ही कहा था कि चुनाव के बाद महंगाई बढ़ेगी। खाने-पीने की चीजें महंगी होंगी, ट्रांसपोर्ट महंगा होगा और हवाई यात्रा भी महंगी हो जाएगी। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि “बीजेपी झूठ की सोनपापड़ी बनाती है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार पर रोक न लग पाने की वजह से ही महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम आदमी पर सीधा असर पड़ता है और बाकी चीजें भी महंगी हो जाती हैं।

बंगाल राजनीति पर भी टिप्पणी

पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालात पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि दीदी थीं, दीदी हैं और दीदी रहेंगी। वे अकेले लड़ेंगी और जीतेंगी भी। उन्होंने इशारों में ईवीएम को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि अगर स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी हो सकती है तो ईवीएम में क्यों नहीं।

चुनाव आयोग और निष्पक्षता पर बयान

सपा प्रमुख ने भारत निर्वाचन आयोग को एक निष्पक्ष संस्था बताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आयोग बिना भेदभाव के चुनाव कराएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कुछ चुनावों के दौरान जो हुआ, वैसा ही प्रयोग अब बंगाल में देखने को मिल सकता है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देखना है कि दिल्ली में स्टूल मिलता है या कुर्सी।