{"vars":{"id": "130921:5012"}}

2027 चुनाव पर अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, बोले- सितंबर में चुनाव हुए तो भी तैयार हैं

 

Lucknow : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार नवंबर के बजाय सितंबर में ही चुनाव कराना चाहती है तो समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे के कथित विवाद और कानून-व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग नवंबर में चुनाव कराना चाहते थे, वे सितंबर में ही करा दें, हम तैयार हैं।

'लोगों को न्याय नहीं मिल रहा'

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोगों को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन भाजपा के इशारों पर काम कर रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

'इस बार BJP को न चंदा मिलेगा, न वोट'

अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा को जनता का समर्थन नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा को न चंदा मिलेगा, न दान, न चढ़ावा और न ही वोट।

उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और संविधान दोनों सम्मान और मर्यादा के प्रतीक हैं, लेकिन भाजपा ने आस्था और संविधान दोनों को आहत करने का काम किया है।

राम मंदिर चढ़ावे पर साधा निशाना

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित विवाद का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चोरी भाजपा की प्रैक्टिस बन चुकी है और इस बार स्वयं प्रभु श्रीराम ने उनकी पोल खोल दी है।

उन्होंने दावा किया कि यदि राम मंदिर में मिले पूरे चढ़ावे और गुप्त दान का वास्तविक हिसाब सामने आए तो राशि कहीं अधिक हो सकती है। उनके मुताबिक इस पूरे मामले का अंतिम हिसाब प्रभु श्रीराम स्वयं करेंगे।

BJP पर लगाए गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने संविधान, आस्था, मर्यादा और श्रद्धा सभी को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राम मंदिर चढ़ावे को लेकर उठे सवालों की सच्चाई आने वाले समय में और सामने आएगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की थाना-पुलिस निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रही है और सरकार के दबाव में कार्य कर रही है।