अयोध्या से सपा का बड़ा ऐलान, अखिलेश यादव ने पवन पांडेय को बनाया प्रत्याशी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन के मंच से 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का औपचारिक शंखनाद कर दिया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या विधानसभा सीट से पवन पांडेय को समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। सम्मेलन में शंखनाद और आरती का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने समाजवादी विचारक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर बिना किसी भेदभाव के समाज को जोड़ने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित करने की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी, लेकिन समाजवादी पार्टी का अभियान रुकने वाला नहीं है।
'PDA को जितना दबाओगे, उतना मजबूत होगा'
अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके लिए पीडीए का अर्थ "पीड़ित" है और जितनी पीड़ा लोगों को दी जाएगी, पीडीए उतना ही मजबूत होकर उभरेगा।
'प्रदेश का हर वर्ग परेशान'
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है और अन्याय का सामना कर रहा है। उन्होंने अपनी गाड़ी पलटने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं था, बल्कि सरकार को बचाने की कोशिश थी। उन्होंने दावा किया कि एक दिन सैटेलाइट तस्वीरों से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
इसके साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग खुद इलाज की स्थिति में पहुंच चुका है।
शंकराचार्य और सनातन परंपरा का मुद्दा उठाया
अखिलेश यादव ने शंकराचार्य से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें स्नान से रोकना और धरना देने के लिए मजबूर करना सनातन परंपरा का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि बटुकों पर पॉक्सो जैसी धाराएं लगाकर उन्हें डराने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटे।
राम मंदिर दान पात्र को लेकर लगाए आरोप
सपा अध्यक्ष ने राम मंदिर के दान पात्र में कथित चोरी के मामले को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसे छोटे कर्मचारियों पर डालकर वास्तविक जिम्मेदारों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम ऐसे कृत्य के लिए बीजेपी को कभी माफ नहीं करेंगे।