{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अखिलेश यादव ने बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि, नोएडा घटना पर सरकार को ठहराया जिम्मेदार
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पूरे उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाई जा रही है। इस वर्ष आंबेडकर जयंती को केवल स्मृति दिवस के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, जागरूकता और जनसंपर्क के बड़े अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

राजधानी लखनऊ में हजरतगंज स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर अखिलेश यादव ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

अखिलेश यादव ने कहा कि हजारों वर्षों के अन्याय और संघर्ष के खिलाफ यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने संविधान को देश के नागरिकों के सम्मान और अधिकारों का आधार बताते हुए कहा कि यह केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि “लोहे की तलवार” है, जो लोगों को न्याय और सम्मान दिलाती है।

सपा प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा संविधान बदलने की मंशा रखती है। उन्होंने संविधान की रक्षा के लिए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया।

इसके साथ ही उन्होंने नोएडा में हाल ही में हुई घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना था कि यह घटनाएं सरकार की विफलता का परिणाम हैं और यदि इसमें कोई साजिश है, तो इसके लिए मुख्यमंत्री और भाजपा जिम्मेदार हैं।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी और समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय पर आधारित शासन स्थापित करने के लिए काम करेगी।