{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नोएडा एयरपोर्ट के सब-वे में जलभराव, अखिलेश यादव का तंज- अब क्या एयरपोर्ट पर नाव चलेगी?
 

 

लखनऊ। ग्रेटर नोएडा में मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल को पार्किंग क्षेत्र से जोड़ने वाले सब-वे में कुछ समय के लिए जलभराव हो गया। पानी जमा होने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने सब-वे से पानी निकालने के लिए लगाए गए वाटर मोटर पंप का वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर साझा करते हुए एयरपोर्ट निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “अब क्या एयरपोर्ट पर नाव चलेगी, जहां भाजपा सरकार, वहां महा-भ्रष्टाचार।”

30 मिनट में पानी की निकासी

तेज बारिश के कारण टर्मिनल और पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले सब-वे में पानी जमा हो गया था। यह रास्ता फोरकोर्ट को पार्किंग क्षेत्र से जोड़ता है और यात्री इसी मार्ग से एयरपोर्ट से बाहर निकलते हैं। जलभराव के कारण कुछ समय के लिए यात्रियों को परेशानी हुई। एहतियात के तौर पर दो एस्केलेटर भी बंद कराए गए।

एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 30 मिनट से भी कम समय में पानी की निकासी कर दी, जिसके बाद यात्रियों की आवाजाही सामान्य हो गई। प्रशासन का कहना है कि जलभराव का उड़ान संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और फ्लाइट्स का परिचालन सुचारू रूप से जारी रहा।

टर्मिनल के वेटिंग एरिया में भी टपका पानी

अत्यधिक बारिश के दौरान टर्मिनल के सामने बने वेटिंग एरिया में लगी विशेष सफेद फैब्रिक छत से भी पानी टपकने की बात सामने आई। यह छत दूर से गंगा की लहरों जैसी दिखाई देती है।

नोएडा एयरपोर्ट के पहले चरण के निर्माण में करीब 11 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है। ऐसे में बारिश के बाद सामने आए जलभराव के वीडियो ने एयरपोर्ट की निर्माण गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एयरपोर्ट संचालक कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ने कहा कि कम समय में हुई भारी बारिश के कारण टर्मिनल और पार्किंग को जोड़ने वाले मार्ग पर कुछ देर के लिए पानी जमा हुआ था। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पानी हटा दिया और एयरपोर्ट का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।