कांग्रेस के ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर भड़के अखिलेश यादव, बोले- गठबंधन से डरी भाजपा लगवा रही नकली पोस्टर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रदेश में कांग्रेस के लिए 200 विधानसभा सीटों की मांग वाले पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इन पोस्टरों को नकली बताते हुए दावा किया कि विपक्षी गठबंधन से घबराकर भाजपा इस तरह की साजिश कर रही है।
अखिलेश यादव ने रविवार (25 अक्टूबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा, ‘गठबंधन’ से भाजपा के पेट में हुआ दर्द, ‘नकली पोस्टर’ लगा रही, इतना गई डर। उनके इस बयान के बाद प्रदेश में पोस्टर विवाद और गठबंधन की राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बिना शुल्क पोस्टर लगाने पर अधिकारियों के निलंबन की मांग
सपा अध्यक्ष ने पोस्टर लगाए जाने के मामले में नगर निकाय के अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के नगर निकायों के उच्चाधिकारियों को निलंबित कर देना चाहिए, क्योंकि कुछ लोग बिना निर्धारित शुल्क जमा किए सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगवा रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियों पर कार्रवाई न होना या तो भ्रष्टाचार का परिणाम है या फिर शासन के दबाव में अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि चोरी-छिपे लगाए जाने वाले अज्ञात पोस्टरों से स्थानीय निकायों को राजस्व का नुकसान होता है। यदि पोस्टर लगाने के लिए आधिकारिक शुल्क जमा किया जाए तो उसकी रसीद जारी होगी, जिससे पोस्टर लगवाने वाले व्यक्ति की पहचान भी सामने आ सकती है।
राजस्व नुकसान की भरपाई अधिकारियों से कराने की मांग
अखिलेश यादव ने कहा कि पोस्टरों के कारण होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई संबंधित अधिकारियों से कराई जानी चाहिए। साथ ही पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ऐसी घटनाओं का तारीखवार रिकॉर्ड तैयार कर रही है। इसमें यह भी दर्ज किया जा रहा है कि घटना के समय संबंधित क्षेत्र में कौन अधिकारी जिम्मेदार पद पर तैनात था।
'पीडीए सरकार आने पर खुलेगा भ्रष्ट अधिकारियों का कच्चा-चिट्ठा'
सपा प्रमुख ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगली सरकार पीडीए की बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद ऐसे मामलों में कथित रूप से शामिल भ्रष्ट अधिकारियों का पूरा हिसाब-किताब किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) जैसी जांच एजेंसियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में इन एजेंसियों को सक्रिय किया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस के 200 सीटों वाले पोस्टर से बढ़ी सियासी हलचल
दरअसल, लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऐसे पोस्टर सामने आए हैं, जिन पर ‘200 सीट हक है हमारा’ और ‘यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा’ जैसे नारे लिखे हैं। इन पोस्टरों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं।
हालांकि, इन पोस्टरों को किसने लगवाया, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। कांग्रेस की ओर से भी इन्हें पार्टी के आधिकारिक पोस्टर मानने से इनकार किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत और राजनीतिक बयानबाजी जारी है। फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे का कोई अंतिम आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में कांग्रेस के नाम पर सामने आए 200 सीटों वाले पोस्टरों और अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया ने प्रदेश की चुनावी राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।