अखिलेश यादव का बड़ा आरोप: “चुनाव आयोग BJP के साथ मिलकर कर रहा काम, यूपी में इस बार बनेगी PDA सरकार”
लखनऊ I समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम सहित जिन राज्यों में चुनाव चल रहे हैं, वहां चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है।
बृहस्पतिवार को सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में डीजीपी समेत कई बड़े अधिकारियों को हटा दिया गया, जबकि उत्तर प्रदेश में 2022 के चुनाव के दौरान इतने अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी के उपचुनाव में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों पर अब तक न चुनाव आयोग ने कार्रवाई की और न ही सरकार ने।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल और असम के चुनाव खत्म होने के बाद भाजपा के नेता यूपी में सक्रिय हो जाएंगे, लेकिन इस बार प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “अच्छे दिन” का वादा करने वाली पार्टी की सरकार हटते ही प्रदेश के बुरे दिन खत्म हो जाएंगे।
आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और ऐसे अधिकारी बदलाव के लिए काम कर रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में सिलिंडर संकट के लिए भी भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन किसान आज भी परेशान हैं और उन्हें फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।