कफ सिरप तस्करी में बड़ा एक्शन: STF ने सपा नेता रह चुके अमित यादव को किया गिरफ्तार
वाराणसी में एसटीएफ ने कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी के मामले में मैदागिन निवासी अमित यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी सपा युवजन सभा का पूर्व प्रदेश सचिव रह चुका है। उस पर एक लाख से अधिक कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त और अंतरराज्यीय तस्करी में शामिल होने का आरोप है।
वाराणसी: वाराणसी में कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण और तस्करी के मामले में एसटीएफ की लखनऊ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैदागिन निवासी अमित यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हरहुआ स्थित रिंग रोड काशीधाम के पास से पकड़ा गया। एसटीएफ के अनुसार, अमित यादव लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और उसकी तलाश लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज मामले में की जा रही थी।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अमित यादव समाजवादी पार्टी की युवजन सभा का प्रदेश सचिव रह चुका है और हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भी रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसके राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जांच में सामने आया है कि अमित यादव कफ सिरप तस्करी के बड़े नेटवर्क का हिस्सा था और बंगाल व बांग्लादेश तक इसकी सप्लाई की जा रही थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मुलाकात शुभम नामक व्यक्ति से कॉलेज के दौरान हुई थी, जिसके पिता की रांची स्थित फर्म शैली ट्रेडर्स इस अवैध कारोबार में शामिल थी।
एसटीएफ के मुताबिक, अमित यादव ने वाराणसी के सप्तसागर दवा मंडी स्थित अपनी फर्म जीएल सर्जिकल के माध्यम से एक लाख से अधिक कफ सिरप की शीशियां खरीदी थीं। इसके बाद इन दवाओं को फर्जी फर्मों के नाम पर कागजों में बिक्री दिखाकर ऊंचे दामों पर अवैध रूप से बेचा गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अमित यादव के खिलाफ पहले से दंगा, जानलेवा हमला और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।