{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP में 3,572 युवाओं को नियुक्ति पत्र, CM योगी बोले- अगले छह महीने में एक लाख सरकारी नियुक्तियां
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित 3,572 युवाओं को मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र सौंपे। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) के 3,446 और मंडी परिषद के मंडी सचिव के 126 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पारदर्शी तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करना अपने आप में बड़ी चुनौती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 9.30 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां की गई हैं और किसी भी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और आरक्षण के नियमों का पालन सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है।

पहले भर्ती में भ्रष्टाचार का आरोप

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप लगते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद भर्ती में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और माफिया पर शिकंजा कसा।

उन्होंने भर्ती बोर्डों से परीक्षा और चयन प्रक्रिया की समय-सीमा और कम करने का भी आह्वान किया। सीएम ने कहा कि पहले बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन और परिणाम में काफी समय लगता था, लेकिन अब प्रदेश में 14 दिन में परीक्षा और 14 दिन में परिणाम घोषित करने की व्यवस्था लागू की गई है।

युवाओं की प्रतिभा से बदली यूपी की तस्वीर

सीएम योगी ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा का लाभ प्रदेश को मिला है और उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को बिना किसी लेनदेन के नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के युवाओं की मांग अब देश और दुनिया में बढ़ी है। सीएम के मुताबिक, बड़ी संख्या में युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर मिले हैं और 5,000 से अधिक युवाओं को इजराइल भेजा गया है।

किसान और बिजली व्यवस्था पर भी बोले योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में किसानों और युवाओं को प्राथमिकता नहीं मिलती थी। उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार का दावा करते हुए कहा कि आज किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है।

उन्होंने सपा-बसपा सरकारों पर चीनी मिलों को कम कीमत पर बेचने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार में अब 100 से अधिक चीनी मिलें संचालित हो रही हैं।

सीएम योगी ने आपदा राहत को लेकर कहा कि सरकार ने व्यवस्था की है कि किसी भी तरह की आपदा आने पर प्रभावित किसानों को 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद पिछली आपदा का लंबित पैसा भी किसानों को उपलब्ध कराया गया।