अतीक अहमद के बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत! झांसी जाते वक्त हुआ भीषण एक्सीडेंट
झांसी। माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की गुरुवार सुबह झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक के बेटे अली अहमद से मिलने जा रहे थे।
यह हादसा पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार में प्रयागराज के फटवा निवासी अहजम (28) पुत्र मोहम्मद फारुख, मोहम्मद जैद (30) पुत्र जावेद अहमद, उमर (24) पुत्र अरसद, आबान अहमद पुत्र अतीक अहमद समेत अन्य लोग सवार थे। हादसे में आबान अहमद और एक अन्य युवक की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। तभी से वह झांसी जेल में बंद है। हादसे के वक्त सभी लोग उसी से मुलाकात करने के लिए प्रयागराज से झांसी जा रहे थे।