{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बंगाल में अभिषेक बनर्जी पर हमला, अखिलेश यादव बोले- नफरत की राजनीति छोड़ नहीं पा रही BJP

 

Kolkata/Lucknow : पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी  पर हुए हमले को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि बंगाल में TMC के प्रमुख नेता अभिषेक बनर्जी पर जानलेवा हमला कराकर भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह नफरत और हिंसक राजनीति से आगे नहीं बढ़ सकती। उन्होंने कहा कि इतने संवेदनशील माहौल में पुलिस की कथित विफलता कई सवाल खड़े करती है और यह मामला बेहद निंदनीय है।

पीड़ित परिवारों से मिलने गए थे अभिषेक

जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी सोनारपुर क्षेत्र में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनका रास्ता रोक लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर कच्चे अंडे फेंके और धक्का-मुक्की की।

घटना के दौरान सुरक्षा कर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच भी तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।

BJP पर लगाया साजिश का आरोप

हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना राजनीतिक रूप से प्रेरित थी और इसके पीछे भाजपा का हाथ है।

TMC ने भी इस घटना को सुनियोजित साजिश बताते हुए भाजपा पर राज्य में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। एहतियात के तौर पर सोनारपुर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और मामला राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।