अयोध्या: राष्ट्रपति करेंगी राम नाम मंदिर की स्थापना, समारोह में शामिल होंगे 5000 से अधिक विशिष्ट मेहमान
अयोध्या। रामनगरी में नव संवत्सर समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। राम मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम के लिए करीब पांच हजार विशिष्ट मेहमानों की सूची तैयार कर ली गई है। समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी और वह राम मंदिर परिसर में लगभग चार घंटे तक रहेंगी। इसके दौरान वे मंदिर के दूसरे तल पर श्रीराम यंत्र और श्रीराम नाम मंदिर की स्थापना भी करेंगी।
19 मार्च को सुबह नौ बजे से अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। दक्षिण भारत, काशी और अयोध्या के 51 वैदिक आचार्य अनुष्ठानों का संचालन करेंगे। काशी के आचार्य पद्मभूषण पंडित गणेश्वर शास्त्री के नेतृत्व में सभी अनुष्ठान संपन्न होंगे। समारोह में केरल की आध्यात्मिक गुरु मां अमृता मरी, कर्नाटक के धर्माधिकारी पद्मभूषण वीरेंद्र हेगड़े और सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी शामिल होंगे। मां अमृता के साथ 100 से अधिक अनुयायी अयोध्या आएंगे, जिनके ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
उत्तराखंड से भी कारसेवक और अयोध्या जिले के करीब एक हजार स्थानीय लोग मेहमान के रूप में शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन को सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने ट्रस्ट के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
वहीं, राम मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ रही है। हाल ही में पंजाब से 1500 श्रद्धालुओं का जत्था विशेष ट्रेन से अयोध्या पहुंचा और उन्होंने रामलला के दर्शन कर मंदिर व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने अयोध्या के विकास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी प्रशंसा की।