{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अयोध्या : दान से ज्यादा ब्याज से हुई राम मंदिर ट्रस्ट की कमाई, ऑडिट रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

 

Lucknow : अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान की नकदी, चरण पादुकाओं और अन्य सामग्री की कथित चोरी के मामले के बीच मंदिर ट्रस्ट की आय को लेकर नई जानकारी सामने आई है। ट्रस्ट के वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, मंदिर की सबसे बड़ी कमाई श्रद्धालुओं के दान से नहीं, बल्कि निवेश पर मिलने वाले ब्याज से हुई है।

वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिट से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को निवेश पर ₹151.80 करोड़ का ब्याज प्राप्त हुआ, जबकि श्रद्धालुओं से मिले स्वैच्छिक दान की राशि ₹149.36 करोड़ रही। यानी ट्रस्ट की निवेश आय पहली बार दान से अधिक दर्ज की गई।

ट्रस्ट की कुल संपत्ति (कॉर्पस फंड) बढ़कर ₹1,876.30 करोड़ हो गई है। इसमें से ₹1,771.22 करोड़ (करीब 94 प्रतिशत) राशि फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश की गई है, जिससे ट्रस्ट को नियमित ब्याज आय प्राप्त हो रही है।

आंकड़ों के अनुसार, ट्रस्ट के पास 2.57 एकड़ भूमि, 323 किलोग्राम सोना, 751.98 किलोग्राम चांदी और वित्त वर्ष के अंत तक ₹7.74 लाख नकद भी उपलब्ध था।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में राम मंदिर में दान की नकदी और अन्य सामग्री की कथित चोरी का मामला सामने आने के बाद इसकी जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। इसी प्रक्रिया के दौरान ट्रस्ट की वित्तीय स्थिति और आय के स्रोतों से जुड़े ये आंकड़े भी सामने आए हैं।

इन वित्तीय विवरणों से स्पष्ट होता है कि मंदिर ट्रस्ट की आय का प्रमुख स्रोत अब केवल श्रद्धालुओं का दान नहीं, बल्कि निवेश से मिलने वाला ब्याज भी बन चुका है।