{"vars":{"id": "130921:5012"}}

भगवान के अंशावतार हैं बागेश्वर धाम सरकार... बाबा रामदेव ने की धीरेंद्र शास्त्री की तारीफ 
 

 

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में होने जा रही श्रीराम कथा को लेकर संतों और धर्मगुरुओं का जुटना शुरू हो गया है। इस मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने शास्त्री को भगवान का अंशावतार बताया और कहा कि यह समय सनातन का गौरव काल है। वहीं, धीरेंद्र शास्त्री ने भी सनातन धर्म और हिंदू समाज पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सनातनी हिंदू अब जाग रहा है और जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं।

महंत आलोक दास की सराहना

महंत आलोक दास महाराज के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस भव्य श्रीराम कथा की तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे बाबा रामदेव ने मीडिया से बातचीत में महंत आलोक दास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आलोक दास युवा संत हैं, जिन्होंने गोंडा और उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। रामदेव के अनुसार, उन्हें आशीर्वाद देने और कथा के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए देश के शीर्ष संत उपस्थित रहेंगे।

30 तारीख को आएंगे मुख्यमंत्री योगी

बाबा रामदेव ने बताया कि 30 तारीख को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। योगी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें योगी में केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि देश का लोकतंत्र, संविधान, वेदों का विधान और राम, कृष्ण, हनुमान व शिव का साकार स्वरूप दिखाई देता है। रामदेव ने लोगों से अपील की कि वे पूरे परिवार के साथ कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लें और जीवन में धर्म की स्थापना करें।

"बागेश्वर धाम जी भगवान के अंशावतार"

धीरेंद्र शास्त्री की तारीफ करते हुए रामदेव ने कहा कि बागेश्वर धाम जी भगवान के अंशावतार हैं। उन्होंने सनातन धर्म के समर्थन में मौजूद लोगों से इतनी जोरदार तालियां बजाने को कहा कि सनातन विरोधियों की छाती पर सांप लोट जाए। उन्होंने इसे सनातन का गौरव काल करार दिया।

"अभी तो ट्रेलर है, पूरी पिक्चर बाकी है"

इसके बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं और अब सनातनी हिंदू जाग रहा है। संतों और साधु समाज को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "अभी यह सिर्फ ट्रेलर है, पूरी पिक्चर बाकी है।" शास्त्री ने बताया कि वे फिलहाल कुंडा जा रहे हैं और गोंडा में 4, 5 और 6 तारीख को कथा करेंगे।