{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कुट्टू का आटा बना जहर! व्रत में खाया और ADM समेत 10 लोग अस्पताल पहुंच गए

Baghpat में कुट्टू का आटा खाने से ADM समेत 10 लोग बीमार पड़ गए। नवरात्रि के दौरान हुए इस फूड पॉइजनिंग केस के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई दुकानों पर छापेमारी की और लाइसेंस रद्द किए। आटे के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

 

बागपत: नवरात्रि के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाला कुट्टू का आटा इस बार लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया। जिले में कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी-पकौड़ी खाने के बाद करीब 10 लोग बीमार पड़ गए, जिनमें एक ADM भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, आटा खाने के बाद लोगों को उल्टी, चक्कर और डिहाइड्रेशन की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड विभाग तुरंत एक्शन में आ गया और पूरे जिले में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। जांच के दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद कुछ दुकानों को बंद कराया गया और कई के लाइसेंस रद्द कर दिए गए।

फूड सेफ्टी टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुट्टू के आटे के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने और प्रमाणित दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने की सलाह दी गई है।