{"vars":{"id": "130921:5012"}}

संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से रहें सतर्क, देश का हर नागरिक संविधान का संरक्षक: CM योगी

 

लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक में निहित है। संविधान ने हर भारतीय को देश का वास्तविक संरक्षक होने का अधिकार और दायित्व प्रदान किया है। कोई भी व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत का अस्तित्व है। संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हम सभी का गौरव और 145 करोड़ देशवासियों का मार्गदर्शक है। संविधान हमें अधिकारों का स्मरण कराने के साथ कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।

सीएम योगी ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस विचार को प्राथमिकता दी, जिसके अनुसार भारत का राजनीतिक भविष्य स्वयं भारतवासी तय करेंगे। इसी भावना के अनुरूप संविधान निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

प्रत्येक वयस्क नागरिक को मिला समान मताधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया के उन विशिष्ट संविधानों में शामिल है, जिसने लागू होने के पहले दिन से ही जाति, भाषा, क्षेत्र और लिंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि दुनिया के कई ऐसे देश, जो स्वयं को लोकतंत्र का बड़ा समर्थक बताते हैं, वहां लंबे समय तक रंगभेद और लैंगिक भेदभाव के कारण नागरिकों को समान अधिकारों से वंचित रखा गया। इसके विपरीत भारत ने शुरुआत से ही सभी वयस्क नागरिकों को समान मताधिकार देकर लोकतांत्रिक मूल्यों को स्थापित किया।

लाल पुस्तिका लेकर लोगों को गुमराह करने का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग संविधान के नाम पर भ्रम फैलाकर लाल पुस्तिका के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे लोगों ने संविधान का अध्ययन किया होता तो वे स्वयं को भारत की संप्रभुता का संरक्षक बताने का दावा नहीं करते।

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए इन लोगों ने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया। उन्होंने पहले संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के तत्काल बाद प्रेस की स्वतंत्रता को सीमित करने का प्रयास किया गया था। इसके बाद भी राजनीतिक स्वार्थों के लिए समय-समय पर संविधान में संशोधन किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयासों के प्रति प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहना चाहिए।

कांग्रेस और सपा पर लगाया महापुरुषों की उपेक्षा का आरोप

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के प्रयास किए गए।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। प्रदेश सरकार ने असीम अरुण के पत्र के बाद मेडिकल कॉलेज का नाम दोबारा बाबा साहेब के नाम पर किया। इसी तरह उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया।

सीएम योगी ने कहा कि महाराज सुहेलदेव ने करीब एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं का सामना कर देश की रक्षा की थी, लेकिन उनके सम्मान में लंबे समय तक कोई स्मारक नहीं बनाया गया। भाजपा सरकार ने बहराइच में उनका भव्य स्मारक बनवाने के साथ मेडिकल कॉलेजों का नाम भी उनके नाम पर रखा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार का गठन करने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह के सम्मान में अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है।

विरासत और विकास के समन्वय पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में देश का नेतृत्व संभालने के बाद संसद और संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया था। नए संसद भवन में भी संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने के साथ महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक से जुड़े चित्र शामिल हैं। यह भारतीय संविधान में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दिए गए सम्मान को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण में उत्तर प्रदेश के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान सभा में प्रदेश के 55 सदस्य शामिल थे। उन्होंने सुचेता कृपलानी, पंडित गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव के योगदान को भी याद किया।

सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ धाम में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा की स्थापना, अयोध्या अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने और वाराणसी के सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास की जन्मस्थली पर सुविधाओं के विकास को विरासत और विकास के समन्वय का उदाहरण बताया।

कानून का राज ही विकास की गारंटी

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी। विद्यालयों में भवनों और शिक्षकों की कमी थी, जबकि परीक्षाओं में नकल, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितता और पेपर लीक जैसी समस्याएं बनी रहती थीं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं थे, गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौतियां थीं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में माफिया और अपराधियों का प्रभाव था।

सीएम योगी ने कहा कि कर्फ्यू और उपद्रव के माहौल में विकास संभव नहीं है। कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की सबसे बड़ी गारंटी है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।

2017 से पहले की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितताओं के कारण गरीबों को राशन नहीं मिल पाता था। रोजगार और निवेश के अवसर सीमित थे। सुरक्षा, बिजली और बुनियादी सुविधाओं की कमी के चलते लोगों को प्रदेश से पलायन करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान के आदर्शों के अनुरूप सुशासन, सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।