{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राहुल गांधी के प्रयागराज कार्यक्रम पर बड़ा झटका! 8 अगस्त केपी ग्राउंड की बुकिंग रद्द, जानें क्या है कारण

 

प्रयागराज। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कार्यक्रम के लिए बुक किया गया केपी ग्राउंड (कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट) की अनुमति अचानक रद्द कर दी गई है। ट्रस्ट ने हाईकोर्ट के आदेश, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने और लगातार बारिश के कारण मैदान खराब होने की आशंका को इसका प्रमुख कारण बताया है।

जानकारी के अनुसार, कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्रनाथ सिंह ने बुधवार को शहर कांग्रेस कमेटी के नाम पत्र जारी कर पहले दी गई अनुमति निरस्त कर दी। पत्र में कहा गया है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियों और छात्रों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। कॉलेज प्रशासन ने भी ट्रस्ट को अवगत कराया कि प्रस्तावित कार्यक्रम से दो शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।

ट्रस्ट ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि केपी ग्राउंड मुख्य रूप से आउटडोर खेल गतिविधियों के लिए उपयोग किया जाता है। लगातार हो रही बारिश के कारण मैदान पहले से ही संवेदनशील स्थिति में है और बड़े आयोजन से इसकी स्थिति और खराब हो सकती है। ऐसे में मैदान को दोबारा तैयार करने में काफी समय और संसाधन लगेंगे। ट्रस्ट ने सुझाव दिया कि कार्यक्रम को बारिश के मौसम के बाद किसी अवकाश अवधि में आयोजित किया जाए।

इन सभी कारणों का हवाला देते हुए ट्रस्ट ने कांग्रेस को दी गई अनुमति वापस ले ली है। साथ ही मैदान की सफाई और लेवलिंग के लिए जमा कराई गई धनराशि भी वापस करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रस्ट ने इस संबंध में जिलाधिकारी, कायस्थ पाठशाला के महामंत्री, चौधरी नौनिहाल सिंह एकेडमी और अकाउंटेंट को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी है। अकाउंटेंट को निर्देश दिया गया है कि कांग्रेस द्वारा जमा राशि चेक के माध्यम से जल्द लौटा दी जाए।

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी 8 अगस्त को शाम 5 बजे केपी ग्राउंड में करीब तीन लाख छात्रों से संवाद करने वाले थे। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और पंडाल निर्माण का कार्य भी शुरू हो चुका था। ऐसे में अचानक बुकिंग रद्द होने से कांग्रेस नेताओं में हलचल तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की केंद्रीय लीगल टीम प्रयागराज पहुंच चुकी है और ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों से भी इस मामले में बातचीत कर रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राहुल गांधी का कार्यक्रम तय समय पर किसी वैकल्पिक स्थान पर आयोजित होगा या नहीं।