UP पंचायत सहायकों को बड़ा तोहफा, मानदेय 6 से बढ़कर 9 हजार करने का एलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत सहायकों के मानदेय और उनकी सेवा सुरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों का मानदेय छह हजार रुपये से बढ़ाकर नौ हजार रुपये किया जाएगा। यह राशि अब सीधे पंचायत सहायकों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
मंत्री राजभर ने बताया कि बुधवार सुबह उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस संबंध में चर्चा की है। उन्होंने धरने पर बैठे पंचायत सहायकों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि सरकार उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर रही है।
राजभर ने यह भी घोषणा की कि अब पंचायत सहायकों को ग्राम प्रधान या पंचायत सचिव अपने स्तर से नहीं हटा सकेंगे। किसी पंचायत सहायक को हटाने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) के नेतृत्व में गठित कमेटी की जांच जरूरी होगी। जांच के बाद ही सेवा समाप्ति का फैसला लिया जा सकेगा।
संजय निषाद के बयान पर बोले राजभर—हर नेता अपना दांव आजमा रहा
कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए हर नेता अपना दांव आजमा रहा है। उन्होंने कहा कि संजय निषाद जितनी सीटें हारेंगे, उतनी सीटें राजभर एनडीए को जिता देगा।
बता दें कि संजय निषाद ने दावा किया था कि निषाद पार्टी की वजह से भाजपा ने कई सीटों पर जीत दर्ज की थी।
सपा सरकार के कार्यकाल को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना
अखिलेश यादव के सरकार से बाहर निकलने संबंधी तंज पर राजभर ने गोंडा के व्यापारी हत्याकांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया और सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए दावा किया कि 80 प्रतिशत घटनाएं उनके ही लोगों द्वारा की जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीडीए की बैठकों में दलितों को बैठने तक की जगह नहीं मिलती।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल के कारनामों को जनता अभी भूली नहीं है। इसका जवाब जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी। राजभर ने कहा कि केवल बयानबाजी से सरकार नहीं बनती।