{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कुंभ में वायरल ‘मोनालिसा’ की शादी पर बड़ा खुलासा: नाबालिग निकली लड़की, पति फरमान पर POCSO केस दर्ज
 

 

कुंभ मेले में वायरल हुई मोनालिसा की शादी का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। जांच में सामने आया है कि जिस लड़की को बालिग बताकर शादी कराई गई थी, वह दरअसल नाबालिग है। इस खुलासे के बाद पति फरमान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

राष्ट्रीय जनजाति आयोग (NCST) की जांच में पता चला कि शादी के समय मोनालिसा की उम्र मात्र 16 वर्ष 2 माह थी। आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य के नेतृत्व में हुई इस जांच में दस्तावेजों और स्थानीय रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की गई।

जांच के आधार पर मध्य प्रदेश के महेश्वर थाने में आरोपी फरमान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने केरल और मध्य प्रदेश पुलिस के डीजीपी को दिल्ली तलब किया है, ताकि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई तय की जा सके।

बताया जा रहा है कि यह शादी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सवालों के घेरे में आई थी। इसके बाद आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। उम्र से जुड़े दस्तावेज सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि फरमान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले हैं। कुछ साल पहले वह फिल्मों में करियर बनाने के लिए मुंबई गए थे, जहां उनकी मुलाकात मोनालिसा से हुई। दोनों ने हाल ही में केरल में शादी की थी, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया। हालांकि फरमान के परिवार ने इस शादी को मानने से इनकार कर दिया है और मोनालिसा को बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया है।