{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राम मंदिर से भी बड़ा घोटाला! मौलाना रजवी ने वक्फ बोर्ड पर लगाए गंभीर आरोप, CM योगी से जांच की मांग
 

 

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उत्तर प्रदेश के सुन्नी और शिया वक्फ बोर्ड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मौलाना का दावा है कि यदि सही दिशा में जांच कराई गई तो यह मामला राम मंदिर से जुड़े कथित घोटालों से भी बड़ा साबित हो सकता है।

सोमवार शाम बरेली में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान मौलाना रजवी ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र को सार्वजनिक किया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकारों के कार्यकाल में वक्फ की जमीनों की खरीद-फरोख्त का अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर हुआ और वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग किया गया।

सपा सरकारों पर लगाए गंभीर आरोप

मौलाना रजवी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव तीन बार और अखिलेश यादव एक बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सभी कार्यकालों में आजम खां के पास अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ और हज मंत्रालय की जिम्मेदारी रही तथा उनकी पसंद के लोगों को वक्फ बोर्ड का चेयरमैन और सदस्य बनाया गया। प्रेस वार्ता में उन्होंने कई पूर्व पदाधिकारियों के नामों का भी उल्लेख किया।

'गरीबों और यतीमों की संपत्तियों का हुआ दुरुपयोग'

मौलाना ने कहा कि वक्फ की जमीनें गरीबों, कमजोर तबकों और यतीमों के हित के लिए होती हैं। इन पर स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और मदरसों जैसे जनहित के संस्थान विकसित किए जाने चाहिए थे, लेकिन आरोप है कि जिम्मेदार लोगों ने इन संपत्तियों को बेचकर निजी लाभ कमाया।

उन्होंने कहा कि यदि वक्फ संपत्तियों से होने वाली आय का पारदर्शी और सही उपयोग किया जाए तो देश के बड़ी संख्या में जरूरतमंद मुसलमानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्रेस वार्ता में हाजी नसीर अहमद नूरी, मुफ्ती फारुख मिस्बाही, हाजी नाजिम बेग, राहत हुसैन मुन्ना, काशिफ खान, डॉ. अनवर रजा कादरी और हाफिज रजी अहमद सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।