UP में 25 लाख टैबलेट बाँटने का अभियान शुरू, पहले दिन 50 हजार से अधिक युवाओं को मिले टैबलेट
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण की शुरुआत की। इसके तहत वित्त वर्ष 2026–27 में प्रदेश भर में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बाँटने का लक्ष्य है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट दिए गए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई, डिजिटल लाइब्रेरी और कौशल विकास के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की जरूरतों को देखते हुए सरकार ने इस चरण में स्मार्टफोन की जगह टैबलेट देने का निर्णय लिया है। योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को कोरोना महामारी के दौरान हुई थी, जब पढ़ाई और परीक्षाएँ प्रभावित हो रही थीं। सरकार के मुताबिक, अब तक 60 लाख से अधिक युवा इस योजना के तहत स्मार्टफोन या टैबलेट पा चुके हैं।
टैबलेट में करीब 18 हजार पाठ्यक्रमों की सामग्री
टैबलेट में इन्फोसिस स्प्रिंगबोर्ड के सहयोग से करीब 18 हजार पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। विद्यार्थी योग और गणित से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक जैसे विषय पढ़ सकेंगे। वहीं, ‘युवा साथी’ ऐप पर छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, पीएम और सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा जैसी योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
26 जनवरी तक एक लाख से अधिक नियुक्ति पत्र देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 26 जनवरी 2027 तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने शिक्षा, पुलिस, पंचायती राज और राजस्व विभाग की भर्तियों का जिक्र किया। साथ ही, पिछली सपा सरकार पर भर्तियों में वसूली और अनियमितताओं के आरोप लगाए।