{"vars":{"id": "130921:5012"}}

चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी की लखनऊ में महारैली: दलित का बेटा सीएम बनेगा, अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने संयुक्त महारैली की। 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के गठन के बाद दोनों नेताओं की यह पहली बड़ी संयुक्त रैली बताई जा रही है। इस दौरान मोर्चे ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

चंद्रशेखर आजाद को बनाया मुख्यमंत्री पद का चेहरा

रैली स्थल पर लगे पोस्टर और होर्डिंग चर्चा का केंद्र बने रहे। इन पर 'दलित का बेटा सीएम बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा' का नारा लिखा गया था। मोर्चे ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करते हुए दलित और मुस्लिम समुदायों को एक राजनीतिक मंच पर लाने की रणनीति पेश की।

ओवैसी ने सत्ता पक्ष और विपक्ष पर साधा निशाना

महारैली को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत लगाई जाएगी। ओवैसी ने दावा किया कि रैली में जुटी भीड़ प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का संदेश दे रही है।

संविधान और न्याय के राज की बात

ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका मोर्चा प्रदेश में संविधान और न्याय पर आधारित शासन स्थापित करना चाहता है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए सामाजिक समानता, भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया।

शौकत अली ने दलित-मुस्लिम एकता पर दिया जोर

एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि वंचित वर्गों के लिए बाबा साहेब का दिया हुआ संविधान सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने दलित-मुस्लिम एकता की बात करते हुए कहा कि दोनों समुदाय मिलकर चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे।