{"vars":{"id": "130921:5012"}}

SSC GD परीक्षा में बवाल: प्रयागराज में अभ्यर्थियों का हंगामा, सेंटर पर तोड़फोड़; 5 जिलों में दूसरी-तीसरी पाली रद्द
 

 

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार को एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। परीक्षा केंद्र पर क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाए जाने से नाराज परीक्षार्थियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए छात्रों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया।

जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अंदावा स्थित आई टेक जोन सेंटर परीक्षा देने पहुंचे थे। यह केंद्र सीता सिंह महिला महाविद्यालय परिसर में बनाया गया था। अभ्यर्थियों का आरोप है कि केंद्र पर उनके बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और कंप्यूटर सिस्टम भी कम पड़े। भीषण गर्मी में घंटों इंतजार के बावजूद परीक्षा शुरू नहीं होने से छात्रों का गुस्सा भड़क उठा।

आक्रोशित अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, कुर्सियां और मेज तोड़ दिए। हंगामे के दौरान एसी, कूलर और सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। कुछ देर के लिए पूरे परीक्षा केंद्र में अफरातफरी की स्थिति बन गई।

विरोध कर रहे छात्रों ने जीटी रोड पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रशासन की लापरवाही की वजह से दूर-दराज से आए छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और उनकी परीक्षा भी प्रभावित हुई।

उधर, तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए प्रयागराज समेत प्रदेश के पांच जिलों में एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा की दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।