लखनऊ में गोमती तट पर छठ की छटा, सीएम योगी ने सूर्य को दिया अर्घ्य
लखनऊ। लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार शाम लखनऊ के गोमती तट पर सैकड़ों व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। लक्ष्मण मेला मैदान के छठ घाट पर अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित पूजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। उन्होंने सूर्य देव को अर्घ्य दिया और पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहे।
छठ गीतों के बीच दिया संध्या अर्घ्य
सूर्यास्त से पहले ही व्रती महिलाएं अपने परिवारों के साथ घाट पर पहुंचने लगी थीं। कहीं गन्ने से मंडप सजाए गए तो कहीं बांस के सूप में केला, नारियल, पान और प्रसाद रखकर पूजा की तैयारी की गई। घाट पर छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे।
सूर्यास्त के समय व्रती महिलाओं ने गोमती के जल में खड़े होकर दूध और जल से अर्घ्य दिया। उन्होंने छठी मैया की आराधना कर संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाट पर मौजूद परिजनों ने भी पूजन में भाग लिया और छठी मैया के जयकारे लगाए।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य
चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार, 16 नवंबर की सुबह होगा। व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद निर्जला व्रत का पारण करेंगी।