मीरजापुर दौरे पर पहुचें CM योगी: मां विंध्यवासिनी के दर्शन, नवरात्र मेले की तैयारियों की समीक्षा
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मीरजापुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे विंध्याचल स्थित मोतिया झील हेलीपैड पर उतरा। यहां से वह सीधे मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया।
मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री का स्वागत सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा और मंदिर के पुरोहितों ने किया। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से आगामी वासंतिक नवरात्र मेले की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय, देवरी कला का निरीक्षण करने भी जाएंगे, जहां वे अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
गौरतलब है कि मीरजापुर का विंध्याचल क्षेत्र नवरात्र के दौरान आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है, जहां हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री की इस यात्रा को नवरात्र मेले की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। प्रशासन को उम्मीद है कि इस दौरे से व्यवस्थाएं और बेहतर होंगी, जिससे श्रद्धालुओं को नवरात्र के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।