{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बलरामपुर में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- 2017 से पहले गरीबों को मिलने वाला राशन “सपा के गुंडे खा जाते थे"

 

Lucknow : उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले गरीबों को मिलने वाला राशन “सपा के गुंडे खा जाते थे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और अपराधियों व माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

माफिया मिट्टी में मिल गए हैं

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि माफिया को चुनकर भेजोगे तो वह जनता का खून चूस लेगा और विकास के पैसे पर कब्जा कर लेगा। उन्होंने आगे कहा कि पहले अपराधी बेखौफ होकर प्रदेश में दहशत फैलाते थे, लेकिन अब सरकार किसी भी अपराधी को बख्शने के मूड में नहीं है।

महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी ने बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने या व्यापारी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो उसे किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

पहले दंगे होते थे, आज निवेश आता है

सीएम योगी ने कहा कि पहले के समय में त्योहारों के दौरान तनाव और दंगे की स्थिति बन जाती थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में शांति और विकास का माहौल है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी की पहचान दंगों से होती थी, लेकिन आज प्रदेश निवेश, सुरक्षा और विकास के लिए जाना जाता है।

परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर उठने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर योग्य नेतृत्व को चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले कुछ इलाकों तक ही विकास सीमित था, लेकिन अब पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास हो रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान देश के सबसे युवा राज्य, निवेश के केंद्र और मजबूत कानून-व्यवस्था वाले प्रदेश के रूप में हो रही है।