{"vars":{"id": "130921:5012"}}

असमय बारिश से प्रभावित किसानों के लिए सीएम योगी सख्त, फसल नुकसान का तुरंत सर्वे और मुआवजे के निर्देश
 

 

लखनऊ। प्रदेश के कई जनपदों में बुधवार को हुई असमय बारिश से परेशान किसानों की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से रिपोर्ट तलब करते हुए कहा कि मौसम की मार झेल रहे किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है, वहां तुरंत सर्वे कराकर संपूर्ण जानकारी जुटाई जाए और प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियां मिलकर फसल नुकसान का संयुक्त सर्वे करें और इसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराएं, ताकि मुआवजा प्रक्रिया में देरी न हो।

सीएम ने यह भी कहा कि सरकार हर आपदा और विपदा में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। हाल ही में हुई बारिश से जिन किसानों की फसल प्रभावित हुई थी, उन्हें मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जारी है। बुधवार को हुई बारिश से हुए नुकसान का भी जल्द आकलन कराया जाए, ताकि किसानों को समय पर सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में वास्तविक नुकसान का आकलन कराएं। साथ ही प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को निर्देश दिया गया कि वे फील्ड में काम कर रहे अधिकारियों से सीधे संपर्क में रहें और समन्वय बनाकर सभी सूचनाएं समय पर शासन तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलों को हुई क्षति का आकलन मिलते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए और भुगतान व्यवस्था समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि मौसम की मार झेल रहे किसानों को जल्द राहत मिल सके।