{"vars":{"id": "130921:5012"}}

भीषण गर्मी में जनता दर्शन पहुंचीं महिलाओं को देख भावुक हुए CM योगी, दिए सेहत संभालने के टिप्स
 

 

Yogi Adityanath ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भीषण गर्मी और लू के बीच दूर-दराज से पहुंचीं महिलाओं को देखकर मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि इस तेज गर्मी में अपना और अपने परिवार का विशेष ध्यान रखें।

जनता दर्शन में पहुंचीं महिलाओं की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में बुजुर्गों, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सीएम योगी ने महिलाओं को सलाह दी कि अत्यधिक जरूरत न हो तो दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और खानपान पर विशेष ध्यान दें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़ी समस्याओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।

जनता दर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है ताकि हर जरूरतमंद को इलाज और हर व्यक्ति को बेहतर शिक्षा मिल सके।

सीएम योगी ने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।