{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CM योगी ने गोरखनाथ मंदिर में किया कन्या पूजन, बोले- बेटी के जन्म से पढ़ाई और शादी तक आर्थिक मदद दे रही सरकार
 

 

गोरखपुर। शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन किया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं और बेटियों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और विवाह तक आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।

कन्या सुमंगला योजना के तहत मिलते हैं 25 हजार रुपये

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर पढ़ाई के विभिन्न चरणों में कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

उन्होंने कहा कि पात्र बेटियों के विवाह के लिए भी सरकार की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना और परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।

यूपी में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 45 हजार हुई

महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या लगभग 10 हजार थी, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 45 हजार हो गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो रही है।