{"vars":{"id": "130921:5012"}}

हाथरस में गरजे CM योगी- 12 हजार मुहर्रम जुलूस निकले, कहीं नहीं हुआ दंगा,  विपक्ष पर भी साधा निशाना

 

Lucknow : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 548 करोड़ रुपये की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, मुहर्रम और पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में शांति और विकास का नया दौर है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में करीब 12 हजार मुहर्रम जुलूस निकाले गए, लेकिन कहीं भी दंगा, उपद्रव या कर्फ्यू जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। उन्होंने इसे प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था का परिणाम बताया।

'ताजिया छोटा कर लें, गरीब का घर नहीं टूटेगा'

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने स्पष्ट नीति बनाई है कि ताजिया के लिए किसी गरीब का घर या झोपड़ी नहीं तोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़े तो ताजिया का आकार छोटा किया जा सकता है, लेकिन किसी गरीब का आशियाना नहीं उजड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि अब न किसी का छज्जा तोड़ा जाएगा और न ही हाईटेंशन बिजली के तार हटाए जाएंगे, क्योंकि इससे लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

पूर्व सरकारों पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था। उन्होंने मथुरा के जवाहर बाग, कोसीकलां, मेरठ, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उन दिनों महीनों तक जनजीवन प्रभावित रहता था।

उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में न दंगे हुए, न कर्फ्यू लगा और न ही गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला। आज सभी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।

जनपद हाथरस में ₹548 करोड़ लागत की विभिन्न लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में... https://t.co/PE9oWmsxE8

— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 28, 2026

548 करोड़ की 143 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद क्षेत्र के लिए 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम को स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की।