मऊ में गरजे सीएम योगी, बोले- धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने वालों की होगी रावण-कंस जैसी दुर्गति
Lucknow : मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को मऊ दौरे के दौरान माफिया, कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब ऐसा माहौल है जहां कोई भी माफिया या गुंडा धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डालने का दुस्साहस नहीं कर सकता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, यज्ञ-कथा या अन्य धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने की कोशिश की तो उसकी "रावण और कंस जैसी दुर्गति" तय है। उन्होंने यह भी कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का इंतजार अब "यमराज" करेंगे।
2005 के मऊ दंगों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2005 के मऊ दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय सत्ता के संरक्षण में अराजकता का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डाला जाता था और निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जाता था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों में भय का माहौल है।
"अच्छी सरकार विकास लाती है"
सीएम योगी ने कहा कि अच्छी सरकार विकास और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित करती है। सड़क, पुल, अस्पताल और पेयजल जैसी सुविधाएं किसी जाति या धर्म के आधार पर नहीं दी जातीं, बल्कि सभी नागरिकों को समान रूप से लाभ पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि गलत लोगों को चुनने से विकास बाधित होता है और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ती है।
मोदी सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के उत्थान के लिए व्यापक कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 65 लाख से अधिक गरीबों को आवास, लगभग तीन करोड़ परिवारों को शौचालय और 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
मऊ को मिलीं नई विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ, उनमें सड़क, पुल-पुलिया, ग्रामीण पेयजल, पुलिस अवस्थापना, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और नगर विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास का अभियान बिना रुके और बिना भेदभाव के आगे बढ़ रहा है।
घोसी चीनी मिल और मेडिकल कॉलेज पर भी बोले
सीएम योगी ने घोसी चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा और आश्वासन दिया कि प्रस्ताव मिलते ही सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मऊ में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जारी है और जल्द ही उसका उद्घाटन किया जाएगा।
गर्मी और आंधी-तूफान से बचाव की अपील
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से भीषण गर्मी, लू और आकाशीय बिजली से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने लोगों को पर्याप्त पानी पीने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।