जनता दर्शन में बोले CM योगी: गरीबों के इलाज और मकान की जिम्मेदारी सरकार की, दबंगों पर होगी सख्त कार्रवाई
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए हरसंभव आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंदों के इलाज और आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। वे स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने अपने पास रहने के लिए मकान न होने की बात कही, जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उन्हें सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया गया कि धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा।
एम्स दिल्ली में इलाज करा रही एक महिला को मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। वहीं दूसरी महिला के इलाज संबंधी मामले में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उनका उपचार गोरखपुर एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कराया जाए।
जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलार किया, आशीर्वाद दिया और चॉकलेट वितरित की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।