{"vars":{"id": "130921:5012"}}

प्रयागराज में बोले CM योगी: 'भारत की आत्मा सनातन धर्म में, सनातन की आत्मा राम'; श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल और...
 

 

प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना तट पर नवनिर्मित प्रेरणा पार्क का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि "भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और सनातन धर्म की आत्मा भगवान राम हैं।" उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पूरा जीवन भारत की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा और उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

'एक देश में दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेगा'

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने "एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो विधान नहीं चलेगा" का नारा देकर राष्ट्रीय एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने उस समय पूरे बंगाल को पाकिस्तान में शामिल किए जाने का विरोध किया था और उनके प्रयासों से पश्चिम बंगाल का एक बड़ा हिस्सा भारत में बना रहा।

धारा 370 हटने से पूरा हुआ मुखर्जी का सपना

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देशहित में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार किया गया और कश्मीर को देश के अन्य राज्यों की तरह पूर्ण रूप से भारत की मुख्यधारा से जोड़ा गया।

अटल और अशोक सिंघल के योगदान को किया याद

योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भारतीय राजनीति का स्वच्छ और निष्कलंक व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उन्होंने छह दशकों तक सार्वजनिक जीवन में देश की सेवा की। वहीं, अशोक सिंघल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन देश का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आंदोलन था और संत समाज को एक मंच पर लाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

'प्रयागराज समता और आस्था की भूमि'

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज केवल संगम नगरी ही नहीं, बल्कि समता, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा की भूमि है। उन्होंने महर्षि भारद्वाज की तपोस्थली का उल्लेख करते हुए कहा कि वनवास के दौरान भगवान श्रीराम ने भी यहां आकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया था। उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार ने प्रयागराज में महर्षि भारद्वाज की भव्य प्रतिमा और मंदिर का निर्माण कराया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेरणा पार्क और महान विभूतियों की प्रतिमाएं नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रेरित करने का कार्य करेंगी।