CM योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, हेलीकॉप्टर से किया कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ पहुंचकर कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की परंपरा को इस वर्ष भी जारी रखा। मेरठ-रुड़की हाईवे पर उमड़े कांवड़ियों के सैलाब के बीच मुख्यमंत्री ने दुल्हैड़ा चुंगी पर बनाए गए मंच से कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया और उन पर फूल बरसाए।
मुख्यमंत्री राजकीय वायुयान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से गाजियाबाद और बागपत क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण करते हुए मेरठ पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर शोभित विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यहां से मुख्यमंत्री कार द्वारा दुल्हैड़ा चुंगी पहुंचे, जहां पहले से मंच तैयार किया गया था।
मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ-रुड़की हाईवे से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िए मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद अरुण गोविल और राजकुमार सांगवान, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद और मेरठ की महापौर हरिकांत अहलूवालिया समेत कई जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मेरठ-रुड़की हाईवे पर कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ के बीच मुख्यमंत्री द्वारा पुष्प वर्षा किए जाने का दृश्य लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।