बेमौसम बारिश से फसल नुकसान पर CM Yogi सख्त: तत्काल आकलन कर किसानों को मुआवजा देने के निर्देश
लखनऊ। प्रदेश में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कर किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए। साथ ही सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और खुद फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी प्रभावित इलाकों में जाकर वास्तविक स्थिति के आधार पर फसल नुकसान का आकलन करें, ताकि किसानों को सही और समय पर सहायता मिल सके।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि राहत आयुक्त फील्ड के अधिकारियों से लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखें। सभी जरूरी सूचनाएं एकत्र कर शासन को भेजी जाएं, जिससे राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुआवजे का भुगतान पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी आपदा की स्थिति में उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा गया है, ताकि किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।