{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जनता दर्शन में CM Yogi का बड़ा ऐलान: गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार देगी पूरी आर्थिक मदद
 

 

गोरखपुर: Yogi Adityanath ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम जनता की समस्याएं सुनीं और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोग उच्चीकृत अस्पताल से इलाज का इस्टीमेट तैयार कराकर दें, सरकार उनके उपचार में भरपूर आर्थिक सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिन लोगों को इलाज के लिए आर्थिक मदद की आवश्यकता है, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराकर शासन को भेजा जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात करते हुए मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को भी घबराने या परेशान होने की जरूरत नहीं है, हर समस्या का प्रभावी समाधान किया जाएगा।

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है, तो उसे तत्काल लाभ उपलब्ध कराया जाए।

जनता दर्शन के दौरान कैंसर से पीड़ित परिजन के इलाज के लिए मदद मांगने पहुंची एक महिला को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकारी अस्पताल से इस्टीमेट बनवाकर दें, इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।

इसके अलावा, एक छात्रा ने आर्थिक तंगी के चलते फीस जमा न कर पाने की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को उसकी स्कूली फीस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। वहीं सिद्धार्थनगर से आई एक महिला को पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री का यह रुख एक बार फिर यह संदेश देता है कि प्रदेश सरकार जरूरतमंदों के इलाज, शिक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।