गांधी जयंती पर CM योगी का बड़ा ऐलान: 30 जनवरी तक खादी के कपड़ों पर 25% छूट, प्रदेशवासियों से की खरीदने की अपील
लखनऊ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से खादी और स्वदेशी उत्पादों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक 25 प्रतिशत की छूट उपलब्ध कराई है। उन्होंने लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने और कारीगरों, हस्तशिल्पियों तथा बुनकरों के हुनर को प्रोत्साहन देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित एनेक्सी में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भी नमन करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनके विचारों के योगदान का उल्लेख किया।
‘स्वदेशी से स्वावलंबन’ बना आजादी का मंत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने ‘स्वदेशी से स्वावलंबन’ का जो संदेश दिया, वह भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का महत्वपूर्ण मंत्र बना। उनके नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन व्यापक जनांदोलन में तब्दील हुआ और देशभर के लोगों को ब्रिटिश शासन के खिलाफ एकजुट किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गांधी जी की आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की सोच आज भी प्रासंगिक है। इसी भावना के साथ स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों, खादी, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कारीगरों और बुनकरों को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में काम करने वाले कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के उत्पादों को बाजार और बेहतर मंच उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि इससे रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना देश के कारीगरों के लिए नए अवसर पैदा करता है।
लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शास्त्री जी अपनी सादगी, सज्जनता और दृढ़ संकल्प के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का उद्देश्य देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों के प्रति देशवासियों में सम्मान का भाव मजबूत करना था।
‘जय जवान-जय किसान’ को बताया स्वाधीन भारत का मंत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिया गया ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा स्वतंत्र भारत के प्रमुख मंत्रों में शामिल हो गया। एक ओर जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर किसान अपने श्रम से भारत को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में जुटे थे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों के परिश्रम का ही परिणाम है कि भारत आज अपनी विशाल आबादी की खाद्यान्न जरूरतों को पूरा करने के साथ अनेक देशों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की क्षमता भी रखता है।