दिवाली पर प्रदूषण को लेकर CM योगी का बड़ा बयान, बोले- 'प्रदूषण हुआ है तो खत्म भी हो जाएगा, अच्छा किया लोगों ने खूब पटाखे फोड़े'
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के बाद बढ़े वायु प्रदूषण को लेकर बड़ा बयान दिया है। बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पटाखों और आतिशबाजी का समर्थन करते हुए कहा कि दीपावली पर प्रदूषण बढ़ा है तो वह समाप्त भी हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने धूमधाम से दीपावली मनाई और खूब आतिशबाजी की, इसमें चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी वितरित की।
'प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण हो गया। अरे, हमने कहा प्रदूषण हो गया, वह समाप्त भी हो जाएगा, काहे चिंता कर रहे हो।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली जैसे पर्व पर लोग खुशी मनाते हैं तो कुछ लोगों को प्रदूषण की चिंता सताने लगती है। उन्होंने सवाल उठाया कि त्योहारों पर होने वाली आतिशबाजी को लेकर इतनी आपत्ति क्यों जताई जाती है।
'भ्रष्टाचार से सिस्टम को प्रदूषित करने वालों पर कोई नहीं बोलता'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदूषण की चर्चा को भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनके खिलाफ कोई आवाज नहीं उठाता।
उन्होंने कहा कि अगर जनता एक दिन पटाखे जलाकर आतिशबाजी कर लेती है तो प्रदूषण का मुद्दा उठने लगता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदूषण हुआ है तो समाप्त भी हो जाएगा और इसे लेकर अनावश्यक चिंता नहीं करनी चाहिए।
'हमने कहा था पटाखों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाएंगे'
मुख्यमंत्री ने दीपावली पर आतिशबाजी का समर्थन करते हुए कहा कि लोगों ने बहुत अच्छा किया कि धूमधाम और उत्साह के साथ त्योहार मनाया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों को दीपावली का उत्सव मनाने से नहीं रोका। मुख्यमंत्री ने अयोध्या के दीपोत्सव का जिक्र करते हुए बताया कि वह स्वयं भी वहां आतिशबाजी के दौरान मौजूद थे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब कोई गलत काम होता है तो उस पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन जब लोग अपने पर्व और त्योहार पर खुशी मनाते हैं तो प्रदूषण की चिंता सामने आने लगती है।
दिवाली के बाद वायु प्रदूषण पर जारी है चर्चा
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दीपावली के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में खराब वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई जा रही है। पटाखों से होने वाले प्रदूषण और त्योहार मनाने की स्वतंत्रता के बीच संतुलन को लेकर चर्चा जारी है।
हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार पटाखों से निकलने वाले सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें वायु गुणवत्ता को प्रभावित कर सकती हैं। सर्दियों में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण प्रदूषक लंबे समय तक वातावरण में बने रह सकते हैं।