{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CM योगी का जनता दर्शन: अतिक्रमण पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, DM को मौके पर जाकर कार्रवाई के निर्देश
 

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र स्वीकार किए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया और तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मथुरा से आए एक वृद्ध ने मुख्यमंत्री को बताया कि गांव के चकरोड पर अतिक्रमण कर लिया गया है। स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारी को स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने और अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण की शिकायत किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों को नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

जनता दर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, बिजली, पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित कई प्रार्थना पत्र भी आए। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में 25 करोड़ प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है और सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

भीषण गर्मी के बीच जनता दर्शन में पहुंचे लोगों का हालचाल जानने के बाद मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से संयमित खानपान अपनाने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की।