{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सीएम योगी का अखिलेश यादव पर तीखा हमला: बबुआ दोपहर 12 बजे उठते थे, प्रदेश की चिंता का समय...

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग जीवन भर बच्चे ही बने रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "बबुआ" की दिनचर्या ऐसी थी कि उन्हें प्रदेश और देश की चिंता करने का समय ही नहीं मिलता था।

शुक्रवार को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "कुछ लोग जीवन भर बच्चे ही बने रहते हैं। बबुआ भी यही करते थे। वो दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे, दो बजे तैयार होते थे, पांच बजते-बजते उनके जिम जाने का समय हो जाता था और शाम 7 बजे महफिल सज जाती थी। ऐसे लोगों के पास देश-प्रदेश के बारे में सोचने का समय ही कहां था।"

सीएम योगी ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय महिलाओं को सबसे बड़ा खतरा सपाइयों से ही था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और सरकार विकास के साथ-साथ सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार विकास के उद्देश्य से कार्य करती है तो उसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है। उन्होंने प्रदेश के बुनकरों और हथकरघा उद्योग से जुड़े कारीगरों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उनके हुनर को नई पहचान और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और बुनकरों की अद्भुत प्रतिभा को सम्मान देने का अवसर है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 'संत कबीर राज्य स्तरीय हथकरघा पुरस्कार' से उत्कृष्ट बुनकरों को सम्मानित किया। साथ ही 'मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना' तथा 'झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना' के लाभार्थियों को चेक वितरित किए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने अंबेडकरनगर में ₹706 करोड़ से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र, प्रमाण-पत्र और चेक भी वितरित किए गए।