{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गोंडा में CM योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले- 'समाजवादी पार्टी UP के लिए श्राप, हम बदलाव लाते हैं और ये बदमाश लाते हैं'
 

 

गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा जिले के गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों को 520 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। छपिया विकासखंड के तेजपुर स्थित सिंगारघाट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश के लिए 'श्राप' बताते हुए आरोप लगाया कि सपा जब भी सत्ता में आई, प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था बढ़ी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा आस्था, सम्मान और बदलाव की राजनीति करती है, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अपराधियों को संरक्षण देने वाली पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण तैयार किया है और विकास योजनाओं को बिना भेदभाव के आगे बढ़ाया जा रहा है।

520 करोड़ से अधिक की 69 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी कुल 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 28 परियोजनाओं का लोकार्पण और 41 का शिलान्यास शामिल है। गौरा विधानसभा क्षेत्र की 40 और मनकापुर की 29 परियोजनाएं सड़क, शिक्षा, सेतु निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में विकास कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित रहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में विकास का मतलब केवल सैफई हुआ करता था, जबकि अब गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जैसे जिलों में भी बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

युवाओं को सपा शासन की याद दिलाई

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युवाओं को समाजवादी पार्टी के शासनकाल की परिस्थितियों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, अपराध और महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाओं से आम जनता परेशान रहती थी। 

योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उनकी सरकार में धार्मिक आयोजनों को सुरक्षा प्रदान की जा रही है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने कहा कि पहले दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों में बाधाएं आती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में लोग उत्साह और सुरक्षा के साथ त्योहार मना रहे हैं।

गोंडा की बदली तस्वीर, मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने गोंडा की पुरानी स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब दस वर्ष पहले जिले की सड़कें खराब थीं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि पहले गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जैसे जिलों की पहचान पिछड़े क्षेत्रों के रूप में होती थी, लेकिन अब विकास कार्यों से इनकी तस्वीर बदल रही है।

उन्होंने गोंडा और बहराइच में मेडिकल कॉलेज, देवीपाटन मंडल में विश्वविद्यालय तथा बलरामपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का जिक्र किया। साथ ही गोंडा-बलरामपुर-अयोध्या मार्ग के चौड़ीकरण की स्वीकृति की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि गोंडा के विकास के लिए लगभग 16 हजार करोड़ रुपये और देवीपाटन मंडल के लिए करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इनमें से कुछ कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि अन्य पर निर्माण जारी है।

माफिया को लेकर सख्त चेतावनी

कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ अपनी सरकार की कार्रवाई को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब अपराधियों को संरक्षण नहीं दिया जाता।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई तीसरी जगह नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

युवाओं को रोजगार और सरकारी भर्तियों का भरोसा

मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य दोहराया।

योगी आदित्यनाथ ने पुलिस, होमगार्ड, शिक्षा और अन्य विभागों में नियुक्तियों की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित होंगे, जिससे गोंडा के युवाओं को नौकरी के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अग्निवीरों के लिए विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रस्तावित व्यवस्था का भी जिक्र किया।

दीपावली पर मुफ्त सिलेंडर और अयोध्या दीपोत्सव का उल्लेख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन, रसोई गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने दीपावली से पहले पात्र लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर देने की बात भी कही।

अयोध्या दीपोत्सव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सात नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव के दसवें संस्करण का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव भले ही अयोध्या में आयोजित हो, लेकिन विकास की रोशनी गोंडा और पूरे देवीपाटन मंडल तक पहुंचेगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।