{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सिपाही सुशील शुक्ला बर्खास्त, सोशल मीडिया पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने पर कार्रवाई
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी सुशील कुमार शुक्ला को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। उन पर सोशल मीडिया पर विभाग के खिलाफ गंभीर आरोप लगाने, अनुशासनहीनता और सरकारी नियमों के उल्लंघन का आरोप था।

जानकारी के अनुसार, मई 2026 में सिपाही सुशील कुमार शुक्ला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर गार्ड कमांडरों तक रिश्वतखोरी का नेटवर्क सक्रिय है और पुलिसकर्मियों का शोषण किया जा रहा है। वीडियो में उन्होंने कुछ अधिकारियों के लिए अमर्यादित भाषा का भी प्रयोग किया था।

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि विभागीय जांच में यह पाया गया कि आरक्षी ने बिना अनुमति सोशल मीडिया का उपयोग किया और विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाया। जांच के लिए 7 मई 2026 को गठित समिति ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए और आरक्षी को अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया, लेकिन वह कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके।

जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश सोशल मीडिया नीति 2023, उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली 1956 के नियम 3, 6, 7 और 27 तथा वर्दी विनियमों का उल्लंघन किया है। इन सभी आरोपों को गंभीर मानते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।