{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अखिलेश यादव की बेटी की आपत्तिजनक फोटो वायरल करने का मामला दर्ज, कोर्ट के आदेश जांच शुरू
 

 

गौतमबुद्धनगर के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में अखिलेश यादव की बेटी की कथित आपत्तिजनक फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष मनोज भाटी बोड़ाकी ने आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग करते हुए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। अदालत के निर्देश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मनोज भाटी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बेटी की कथित फोटो ‘इंडियन स्टोरी’ नामक सोशल मीडिया अकाउंट से प्रसारित की गईं। इन फोटो के साथ 100 से अधिक आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं, जिससे परिवार की छवि धूमिल करने और बदनाम करने का प्रयास किया गया।

तहरीर में यह भी कहा गया है कि इस घटना से पीड़िता, उनके पिता और मुलायम सिंह यादव के स्वजनों को मानसिक आघात पहुंचा है।

पुलिस ने बताया कि यह कृत्य भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 151, 356, 356(3), 354-सी और आईटी एक्ट की धारा 66-ई व 67 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, मामले को संज्ञान में लेकर तकनीकी टीम की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।