68,500 शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग तेज, 70 दिनों से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने SCERT कार्यालय घेरा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को पिछले 70 दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने निशातगंज स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय परिसर में जमीन पर बैठकर जमकर नारेबाजी की और भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जल्द नियुक्ति देने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2018 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया में उन्होंने आवेदन किया था, लेकिन आठ साल बीत जाने के बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं मिल सकी है। इस दौरान वे मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तक अपनी मांग पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
मंत्रियों और अधिकारियों के सामने उठा चुके हैं मामला
प्रदर्शनकारी नवीन ने बताया कि 10 सितंबर को अभ्यर्थियों की मुलाकात बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से हुई थी। इस बैठक में दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
नवीन का दावा है कि बैठक के दौरान मंत्रियों और अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों की बात स्वीकार की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग भी आरक्षण संबंधी अनियमितताओं पर आपत्ति जता चुके हैं, तो पात्र अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति क्यों नहीं दी गई।
आरक्षण में गड़बड़ी का आरोप, आयोग के आदेश लागू करने की मांग
प्रदर्शनकारी तूफान सिंह ने आरोप लगाया कि 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में बड़े पैमाने पर आरक्षण नियमों की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की ओर से भी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि आयोग के निर्देशों के अनुसार भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।
आठ साल से नौकरी का इंतजार, आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबा समय बीतने के कारण उनके भविष्य पर अनिश्चितता बनी हुई है। नौकरी की उम्मीद में वर्षों से संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक नियुक्ति और आरक्षण संबंधी उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि, अभ्यर्थियों के आरोपों और मांगों पर संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।