उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विंध्यधाम में किए दर्शन, दानपात्र गड़बड़ी की जांच के दिए निर्देश
मिर्ज़ापुर I Brajesh Pathak शुक्रवार को Mirzapur के कोन ब्लॉक स्थित पुरजागिर हेलीपैड पर सुबह 10:50 बजे पहुंचे। यहां से वे सड़क मार्ग से 11:20 बजे मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे और विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
दर्शन के बाद उपमुख्यमंत्री ने विंध्याचल धाम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य कॉरिडोर बनने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे पूरे विंध्य क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। सरकार धाम के चतुर्दिक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मां विंध्यवासिनी धाम में दानपात्रों में कथित अनियमितताओं को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि शिकायत संज्ञान में आई है और मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। यहां 24 घंटे एक एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने कॉरिडोर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए प्याऊ का उद्घाटन किया। इसके पश्चात वे त्रिकोण पथ स्थित अष्टभुजा डाकबंगले के पास पहुंचे, जहां उन्होंने मां पीतांबरा देवी का दर्शन-पूजन किया और हवन में शामिल होकर प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।