डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का ओवैसी पर पलटवार, बोले- राम जन्मभूमि पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं
Lucknow : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने बाबर और बाबरी मस्जिद का समर्थन किया है, उन्हें राम जन्मभूमि से जुड़े मामलों पर टिप्पणी करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
केशव मौर्य ने कहा कि चाहे बात भक्तों के चढ़ावे, दान या राम मंदिर निर्माण की हो, उस पर टिप्पणी करने से पहले ओवैसी को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ओवैसी में सच बोलने का साहस है तो उन्हें काशी विश्वनाथ मंदिर से सटी ज्ञानवापी मस्जिद और भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े ईदगाह विवाद जैसे मामलों पर भी अपनी राय रखनी चाहिए, जिनमें न्यायिक प्रक्रिया चल रही है।
ओवैसी के बयान पर दिया जवाब
दरअसल, ओवैसी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के उस बयान पर सवाल उठाया था, जिसमें उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा मामले पर चर्चा के दौरान कहा था कि यदि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया है तो उसकी रसीद दिखाएं। इस पर ओवैसी ने पूछा था कि यदि यही सिद्धांत है तो वक्फ बोर्डों के मामलों में भी इसे क्यों नहीं अपनाया जाता।
समाजवादी पार्टी पर भी साधा निशाना
डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने कभी लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय नियमों का सम्मान नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में सपा विधायकों ने सदन की गरिमा और अध्यक्ष की कुर्सी का अपमान किया तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दे रखने से रोकने का प्रयास किया।
केशव मौर्य ने कहा कि जनता सब देख रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को इसका जवाब मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में सपा को भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा।