{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CM योगी से मिलीं धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी, यूपी की सियासत में बढ़ीं हलचलें
 

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नई तस्वीर सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जौनपुर के बाहुबली नेता धनंजय सिंह की पत्नी और जौनपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला रेड्डी ने मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान बीजेपी एमएलसी Brijesh Singh भी मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि यह पहली बार है जब श्रीकला रेड्डी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचीं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 और पंचायत चुनाव से पहले इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक की भूमिका बीजेपी एमएलसी बृजेश सिंह ने तैयार की थी।

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में श्रीकला रेड्डी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बृजेश सिंह के साथ नजर आ रही हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी जौनपुर और पूर्वांचल की राजनीति में नए समीकरण साधने की कोशिश कर सकती है।

धनंजय सिंह को जौनपुर के प्रभावशाली बाहुबली नेताओं में गिना जाता है। वर्ष 2009 में वह बहुजन समाज पार्टी से सांसद भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी श्रीकला रेड्डी तेलंगाना के राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। साल 2021 के पंचायत चुनाव में उन्होंने जौनपुर के वार्ड-45 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता था, जिसके बाद वह जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं।

वहीं 2024 लोकसभा चुनाव में Mayawati ने श्रीकला रेड्डी को टिकट दिया था, लेकिन बाद में टिकट वापस ले लिया गया। उस समय ऐसी चर्चाएं भी सामने आई थीं कि टिकट खुद श्रीकला रेड्डी ने लौटाया था। इसके बाद से धनंजय सिंह की बीजेपी से नजदीकियां बढ़ने की चर्चा तेज हो गई थी।

अब श्रीकला रेड्डी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात को जौनपुर की राजनीति में संभावित नए सियासी गठबंधन और बदलते समीकरणों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।