{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पर्यावरण दिवस 2026: UP में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 5 करोड़ पौधरोपण, सीएम योगी करेंगे शुरुआत
 

 

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण महाअभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र से इस अभियान का शुभारंभ करेंगे, जहां वे स्वयं पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। यहां 200 से अधिक पौधे लगाए जाने की योजना है।

राज्य में 5 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य

सरकार के अनुसार इस बार पूरे प्रदेश में एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी विभागों, मंडलों और जिलों को अलग-अलग लक्ष्य दिए गए हैं। औद्योगिक घराने भी इस अभियान में भाग लेते हुए लगभग 1.5 करोड़ पौधे लगाएंगे।

क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी पर फोकस

कार्यक्रम के तहत ‘क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी’ अभियान के अंतर्गत “उत्तर प्रदेश में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का समाधान” विषय पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी भी आयोजित होगी। इसमें वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ, शिक्षाविद और उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे।

एयरशेड आधारित क्लीन एयर प्रोजेक्ट की शुरुआत

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विश्व बैंक के सहयोग से 2741 करोड़ रुपये की लागत वाली देश की पहली एयरशेड आधारित क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट की भी शुरुआत करेंगे। साथ ही पौधरोपण महाभियान के लोगो का अनावरण भी किया जाएगा।

अमृत सरोवरों पर भी आयोजन

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर भी पर्यावरण दिवस और आगामी योग दिवस के अवसर पर जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

पर्यावरण दिवस का इतिहास

विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत 1972 में स्वीडन के स्टॉकहोम में संयुक्त राष्ट्र के मानव पर्यावरण सम्मेलन से हुई थी। इसके बाद 5 जून 1973 से इसे हर साल वैश्विक स्तर पर मनाया जाने लगा।